🔊
हिंगला देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹48.41 लाख स्वीकृत, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
चम्पावत। जनपद के प्रसिद्ध हिंगला देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना विकास के लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹48.41 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय पौराणिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर ध्यान दिया जाएगा। इससे धार्मिक आयोजनों, मेलों और पर्वों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया है।
इस योजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।