🔊
लोहाघाट - निर्माण कार्य में लगी ट्रैक्टर खाई में गिरी, चालक की इलाज के दौरान मौत
चम्पावत/लोहाघाट, 16 जून 2025:
लोहाघाट ब्लॉक के सीमांत डूंगरा बोरा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान आज सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर लगभग ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक तसीम पुत्र बदलू, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह घायल चालक को खाई से बाहर निकाला और टैक्सी वाहन के माध्यम से चम्पावत जिला चिकित्सालय पहुँचाया। जहाँ उपचार के दौरान शाम 5:00 बजे के करीब उसकी मौत हो गई।
राजस्व उप निरीक्षक दीपा सामंत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना सोमवार दोपहर लगभग एक से दो बजे के बीच हुई। मृतक तसीम सड़क निर्माण कार्य में ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। दुर्घटना के प्रभाव से ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।