🔊
देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश में चार युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
देहरादून, 22 जून 2025:
राजधानी देहरादून में रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश में एक कार ट्रोले से जा भिड़ी, जिसमें सवार पांच युवकों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना आज सुबह करीब 03:10 बजे की है, जब सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार (HR 42 E 2701) सहारनपुर की ओर से देहरादून की ओर आ रही थी। आशारोड़ी क्षेत्र के पास यह कार एक सीमेंट से लदे ट्रोले (HR 63 F 5353) से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:
1. अंकुश पुत्र अजीत, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत (हरियाणा)
2. पारस पुत्र जयकरण, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत (हरियाणा)
3. अंकित पुत्र राजेश, निवासी मेरिडा, तहसील जुलाना, जिला जींद (हरियाणा)
4. नवीन पुत्र नरेश, निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक (हरियाणा)
हादसे में घायल युवक:
विनय पुत्र विजय, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत (हरियाणा)
(वर्तमान में दून अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर)
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए कोरोनेशन/दून अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक का इलाज जारी है।
घटना में शामिल ट्रोले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, और चालक आफताब पुत्र जुल्फिकार (निवासी शेखपुरा कदीम, थाना देहात कोतवाली, जिला सहारनपुर) से पूछताछ की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।