🔊
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी अधिसूचनाओं में अब विक्रम संवत और हिंदू माह का होगा उल्लेख
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी अधिसूचनाओं में अब विक्रम संवत और हिंदू माह का होगा उल्लेख
देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक अहम फैसला लिया है। अब प्रदेश में जारी होने वाली सभी सरकारी अधिसूचनाओं, गजट नोटिफिकेशनों, उद्घाटन पट्टिकाओं और शिलान्यास शिलाओं में ग्रेगोरियन कैलेंडर की तिथि के साथ-साथ विक्रम संवत और हिंदू माह (जैसे फाल्गुन, कृष्ण पक्ष/शुक्ल पक्ष) का भी उल्लेख किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में तत्काल आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का मानना है कि इस पहल से भारतीय कालगणना पद्धति को संरक्षित किया जाएगा और आम जनता के बीच इसकी पहचान और स्वीकार्यता बढ़ेगी। उत्तराखंड सरकार इससे पहले भी संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई बड़े फैसले ले चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह निर्णय भारतीय संस्कृति और सभ्यता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी सरकारी दस्तावेजों और अधिसूचनाओं में इस नियम का सख्ती से पालन किया जाए।
इस फैसले से प्रदेश में भारतीय पंचांग और कालगणना को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, यह निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।