🔊
चारधाम यात्रा 2025: तीर्थयात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार, दो नए अस्पताल और हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस की व्यवस्था
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा 2025 के दौरान तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार किया गया है।
दो नए अस्पतालों की स्थापना
इस वर्ष श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम में दो नए अस्पताल खोले जाएंगे। केदारनाथ में 17 बेड और बदरीनाथ में 45 बेड का अस्पताल स्थापित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इसके अलावा, 25 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती भी की जाएगी।
एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं होंगी मजबूत
स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा मार्ग पर 154 एम्बुलेंस तैनात करने का निर्णय लिया है, जिनमें 17 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए एम्स ऋषिकेश द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस और टिहरी झील में बोट एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
चिकित्सा जांच केंद्रों का होगा विस्तार
यात्रा मार्ग पर इस बार 20 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) और 31 स्वास्थ्य जांच केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो उच्च ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की निगरानी करेंगे। इसके अलावा, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी में 37 स्थायी स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत किया गया है।
तकनीकी उन्नति और ई-स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि इस बार ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल को अपग्रेड किया जाएगा और प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस के माध्यम से तीर्थयात्रियों के 28 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मापदंडों की जांच की जाएगी। इससे यात्रियों को तुरंत अपने स्वास्थ्य की स्थिति का पता चल सकेगा।
हाई-रिस्क तीर्थयात्रियों की पहचान होगी
इस साल अनिवार्य स्वास्थ्य घोषणा को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे हाई-रिस्क यात्रियों की पहचान पहले से की जा सके। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर होटलों, धर्मशालाओं और स्थानीय सेवा प्रदाताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे भी आपातकालीन परिस्थितियों में तीर्थयात्रियों की मदद कर सकें।
पिछले वर्ष के अनुभवों से सबक लेकर की गई तैयारियां
पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान 34,000 से अधिक मेडिकल आपातकालीन मामले सामने आए थे, जिनमें 1,011 मरीजों को एम्बुलेंस और 90 मरीजों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया था। इस बार स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार के लिए गुप्तकाशी में 50 बेड के नए अस्पताल के लिए बजट स्वीकृत किया गया है।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि इस बार यात्रा और अधिक सुरक्षित और सुगम हो। तीर्थयात्रियों को समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।