🔊
डर पर भारी पड़ी हिम्मत: सांप के डसने के बाद दर्जी खुद अस्पताल पहुंचा, डिब्बे में बंद कर लाया जहरीला सांप
लोहाघाट (चंपावत), 4 जुलाई 2025
लोहाघाट के सुंई पऊ के छमनियां तोक में एक साहसी घटना सामने आई, जब खटीमा नगला तराई निवासी दर्जी संजय ढाली (45) को देर रात एक सांप ने डस लिया। दर्द और डर के बावजूद संजय ने हार नहीं मानी, बल्कि पूरे साहस के साथ सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया और उसे लेकर खुद अस्पताल पहुंच गया।
यह दृश्य देख उप जिला अस्पताल लोहाघाट का स्टाफ भी चौंक गया। संजय के साथ एनयूजे संगठन के कोषाध्यक्ष गौरी शंकर पंत और भूपेंद्र दर्जी भी मौजूद थे। अस्पताल में जैसे ही संजय घायल अवस्था में सांप के साथ पहुंचा, मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल ने बताया कि मरीज को तुरंत आवश्यक उपचार दिया गया, जिससे उसकी जान बच गई और अब वह खतरे से बाहर है। डॉ. मंडल ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में घबराएं नहीं, और बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराएं।
यह घटना न केवल साहस और सूझबूझ की मिसाल है, बल्कि लोगों के लिए एक जागरूकता संदेश भी है कि समय रहते सही कदम उठाना जीवन बचा सकता है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: