🔊
खौफनाक कुत्तों का हमला: रॉटविलर ने बुजुर्ग महिला को नोचा, 200 टांके लगे, दो हड्डियां टूटीं
देहरादून | 07 जुलाई 2025
राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक और रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। किशननगर निवासी 62 वर्षीय कौशल्या देवी पर पड़ोसी के दो खूंखार रॉटविलर कुत्तों ने उस वक्त हमला कर दिया, जब वह सुबह मंदिर जा रही थीं। इस हमले में उन्हें सिर, हाथ और पैर पर गहरे घाव आए हैं। डॉक्टरों ने उनके शरीर पर करीब 200 टांके लगाए हैं और दो हड्डियों के टूटने की पुष्टि की है।
हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
कौशल्या देवी को तुरंत श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, उनके हाथ का ऑपरेशन सोमवार को किया जाएगा, जबकि कान का ऑपरेशन रविवार को ही किया जा चुका है।
घर की दीवार फांदकर किया हमला
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे उमंग निर्वाल की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उनकी मां रोज़ सुबह अर्द्धनादेश्वर मंदिर जाती हैं। रविवार सुबह चार बजे जब वह मंदिर के लिए निकलीं, तभी मोहम्मद जैद के घर के दो रॉटविलर कुत्तों ने दीवार फांदकर उन पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने बुरी तरह उन्हें नोच डाला।
कई बार शिकायत की, कोई कार्रवाई नहीं हुई
कौशल्या देवी के परिजनों और कॉलोनीवासियों का कहना है कि ये कुत्ते पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। मोहल्ले वालों ने कई बार जैद से शिकायत की, मगर उसने कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि हमले के वक्त जब शोर मचाया गया तो कुत्तों का मालिक बाहर नहीं आया।
मामला दर्ज, कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने पीड़िता के बेटे की शिकायत के आधार पर रॉटविलर कुत्तों के मालिक मोहम्मद जैद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि रॉटविलर एक प्रतिबंधित और बेहद आक्रामक नस्ल है, ऐसे में इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था बल्कि शहरी क्षेत्रों में खतरनाक कुत्तों के पालन पर सवाल खड़े करती है। यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो यह गंभीर हादसा रोका जा सकता था।