🔊
उत्तरप्रदेश -पांच साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी फरार, बांदा के कालिंजर क्षेत्र में दरिंदगी, मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची, SP बोले - जल्द होगी गिरफ्तारी
बांदा, 25 जुलाई 2025:
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में शुक्रवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को पड़ोस में रहने वाला युवक बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के शरीर पर दांत से काटे जाने के निशान भी मिले हैं। गंभीर हालत में बच्ची को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरेनी ले जाया गया, जहां से उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोसी युवक अमित (20 वर्ष) उसे उठाकर अपने घर ले गया और कमरे में बंद कर अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। जब बच्ची लहूलुहान हालत में रोती हुई वापस लौटी तो परिजन स्तब्ध रह गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची को अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। डॉक्टरों की टीम ने त्वरित उपचार कर उसे बेहतर चिकित्सा के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी सीएचसी पहुंचे और बच्ची के परिवार से बातचीत की। कालिंजर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची के परिजनों की तहरीर पर आरोपी अमित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा, घटना बेहद शर्मनाक है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। बच्ची के उपचार व सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
इस जघन्य कृत्य ने इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है। ग्रामीणों ने भी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।