🔊
UP: IAS अधिकारी पर महिला अफसरों के शोषण के आरोप, रात को करता था वीडियो कॉल, जांच के आदेश
लखनऊ/नोएडा।
राज्य कर विभाग में महिला उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। नोएडा में अपर आयुक्त पद पर तैनात एक आईएएस अधिकारी पर विभाग की महिला अधिकारियों ने शोषण, उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शासन के उच्च पदस्थ सूत्रों ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में महिला अफसरों ने आरोप लगाया है कि पिछले चार महीनों से उनके साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, अधिकारी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और धमकी देते हैं कि नौकरी से निकाल दूंगा।
पत्र में यह भी कहा गया है कि अधिकारी महिला अफसरों को घूरते हैं, रात में फोन व वीडियो कॉल करते हैं, छुपकर वीडियो बनाते हैं और विरोध करने पर उन्हें फर्जी मामलों में फंसाकर निलंबित करा देते हैं।
महिला अधिकारियों ने मांग की है कि मामले की गोपनीय जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या राज्य महिला आयोग से कराई जाए, ताकि शोषण, उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के सच सामने आ सकें। यह शिकायत 5 अगस्त को शासन को प्राप्त हुई थी, जिस पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।