🔊
UP- पार्किंग विवाद में शिक्षक की हत्या, पुरे क्षेत्र में फैली सनसनी, तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी 21अगस्त 2025
वाराणसी के बृज इंक्लेव स्थित केदार कॉलोनी के मातृ अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार देर रात पार्किंग विवाद ने भयावह रूप ले लिया। अपार्टमेंट में रहने वाले शिक्षक डॉ. प्रवीण झा (सनबीम भगवानपुर) की पड़ोसी आदर्श सिंह और उसके दो सहयोगियों ने ईंट व रॉड से पिटाई कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे कार पार्किंग को लेकर झगड़ा शुरू हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया। हमले में गंभीर रूप से घायल डॉ. प्रवीण को परिजन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि पुलिस ने घटना के तीन घंटे के भीतर मुख्य आरोपी आदर्श सिंह समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पिटाई से मौत की सूचना ट्रॉमा सेंटर से मिली थी।
यह घटना इलाके में सनसनी फैलाने वाली रही। लोग स्तब्ध हैं कि पार्किंग विवाद जैसी छोटी बात ने हत्या का रूप ले लिया।