🔊
UP: दहेज के लिए विवाहिता निक्की की हत्या, ससुराल वालों ने जिंदा जलाया
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के सिरसा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता निक्की (27) को बेरहमी से पीटा और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी निक्की को परिवारजन अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
शादी के बाद शुरू हुआ दहेज उत्पीड़न
रूपबास गांव निवासी भिकारी सिंह ने बताया कि उनकी बेटियों कंचन (29) और निक्की की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के दो भाइयों रोहित और विपिन भाटी से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में स्कॉर्पियो समेत अन्य सामान दिया गया था, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष 35 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगा। परिवार ने एक और कार भी दी, फिर भी दोनों बहनों के साथ उत्पीड़न और मारपीट होती रही।
आरोप - सास और देवर ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
मृतका की बड़ी बहन कंचन ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे उसकी सास दया ने ज्वलनशील पदार्थ लाकर देवर विपिन को दिया। विपिन ने निक्की पर यह पदार्थ डाल दिया और आग लगा दी। विरोध करने पर कंचन के साथ भी मारपीट हुई। कंचन ने मारपीट और आग लगाने का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया है।
मासूम बच्चों का बुरा हाल
निक्की का छह वर्षीय बेटा अविश मां की मौत से बेसहारा हो गया है। वहीं कंचन की दो संतानें-लाव्या (7) और विनीत (4)-भी रोजाना हो रहे घरेलू विवाद की गवाह रहीं। परिजनों का कहना है कि निक्की का पति आए दिन शराब पीकर झगड़ा करता था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद मृतका के पति विपिन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों-सास दया, जेठ रोहित और ससुर सत्यवीर—-की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: