🔊
युवती से छेड़छाड़ विवाद में फायरिंग, 10 वर्षीय बच्चे की गोली लगने से मौत
गंगाघाट (उन्नाव)।
गगनीखेड़ा गांव में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब युवती से छेड़छाड़ के पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। करीब 10:30 बजे आरोपी युवक अपने साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। बात बढ़ी तो फायरिंग शुरू कर दी गई।
गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच पड़ोस में रहने वाला सोनू का 10 वर्षीय बेटा अजीत घर के बाहर खड़ा होकर तमाशा देख रहा था। तभी अचानक एक गोली उसके सीने में जा लगी। परिजन गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तनाव को देखते हुए इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं, एसपी दीपक भूकर भी घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज चल रही थी। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा न होता।
मृतक अजीत परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों में छोटा था। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित की हैं। कुछ परिजनों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।