🔊
लेह-लद्दाख में हिंसक प्रदर्शन: चार की मौत, 30 घायल, छठी अनुसूची और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर उग्र हुआ आंदोलन, BJP कार्यालय में लगाई आग
लेह। छठी अनुसूची के तहत विशेष दर्जा और लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हो रहे बंद और बड़े प्रदर्शनों के बीच बुधवार को लेह में हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं के उग्र हो जाने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग के हवाले कर दिया।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस हिंसक प्रदर्शन में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सोनम वांगचुक का शांति की अपील
भूख हड़ताल पर बैठे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी कर लेह में हुई हिंसा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाए।