🔊
दिल्ली में आयुष्मान योजना की शुरुआत: गरीबों को मिलेगा 10 लाख तक मुफ्त इलाज
दिल्ली के गरीब परिवारों के लिए आज एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शनिवार से राष्ट्रीय राजधानी में 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' (AB-PMJAY) को लागू कर दिया गया है। इस योजना के तहत पात्र नागरिक अब देशभर के निजी और सरकारी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकेंगे।
इस योजना के क्रियान्वयन के लिए आज नई दिल्ली में एक औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मौजूद रहे।
पहले चरण में ये होंगे लाभार्थी:
अंत्योदय अन्न योजना (AAY) राशन कार्ड धारक
प्राथमिकता प्राप्त राशन कार्ड (PRS) धारक
70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक
दिल्ली में आधार और राशन कार्ड रखने वाले निवासी
दिल्ली सरकार के अनुसार, पहले ही महीने में एक लाख परिवारों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही बड़े निजी अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ने के लिए 30% अतिरिक्त टैरिफ देने की योजना बनाई गई है, जिससे मैक्स, अपोलो और मेंदाता जैसे अस्पताल इसमें शामिल हो सकें।
हालांकि फिलहाल बिना कार्ड वाले गरीबों को योजना में शामिल होने के लिए इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इनके लिए भी नई व्यवस्था की जा सकती है।
यह योजना दिल्ली में गरीबों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
---