🔊
दुःखद खबर - मटियानी लोहाघाट के नौ दिन से लापता युवक का शव शारदा नदी किनारे मिला, परिजनों में कोहराम
टनकपुर (चंपावत)।
पंचेश्वर थाना क्षेत्र के मटियानी गांव से नौ दिन पहले लापता हुए ग्रामीण का शव शनिवार सुबह शारदा नदी किनारे उचौलीगोठ के पास बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
एसपी अजय गणपति ने बताया कि शुक्रवार शाम एसएसबी द्वारा सूचना दी गई थी कि शारदा नदी किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। अंधेरा अधिक होने के कारण उस समय तलाशी के बावजूद शव नहीं मिल सका। शनिवार सुबह पुनः तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें शव बरामद किया गया।
शव की शिनाख्त पंचेश्वर थाना क्षेत्र के मटियानी निवासी पूरन सिंह (25) पुत्र स्व. जमन सिंह के रूप में हुई। मृतक के भाई जगदीश सिंह ने पहचान की पुष्टि की।
परिजनों के अनुसार, पूरन सिंह 26 सितंबर की शाम बारिश के दौरान घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पूरन दिल्ली में एक होटल में कार्यरत थे और हाल ही में जन्माष्टमी पर घर आए थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े और अविवाहित थे।
ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश के दिन उनके घर से निकलने के बाद से ही उनका कोई पता नहीं चला था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।