🔊
बड़ा सड़क हादसा: चलती बस में लगी भीषण आग, 20 से अधिक यात्रियों की मौत, कई झुलसे
जैसलमेर, 14 अक्टूबर 2025।
राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक चलती एसी बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय बस में कुल 57 यात्री सवार थे।
घटना थईयात गांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी, तभी अचानक एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर किसी तरह जान बचाई, जबकि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल टीमों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से झुलसे 19 यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया, जिनमें से अधिकांश की उपचार के दौरान मौत हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा
जैसलमेर में हुए हादसे से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
वहीं मुख्यमंत्री ने अपना बुधवार का बिहार दौरा रद्द करते हुए राहत-बचाव कार्यों की स्थिति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।