🔊
भीषण बस हादसा: नींद में जल उठे सपने, 20 से ज्यादा यात्रियों की बस में जलने से मौत की आशंका
कुर्नूल (आंध्र प्रदेश):
आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की सवारियों से भरी बस में भीषण आग लग गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चिन्ना टेकुर उपनगर के पास हुआ, जिसमें 20 से अधिक लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 39 यात्री सवार थे। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस के पीछे से एक दोपहिया वाहन टकरा गया, जो बस के ईंधन टैंक से टकराने के बाद आग का गोला बन गया। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और अंदर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू हुआ। 12 लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि बाकी यात्रियों में कई की मौत की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। सभी घायलों को कुर्नूल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के तुरंत बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि ज्यादातर यात्री हैदराबाद के निवासी थे।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
सीएम नायडू ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा -
कुर्नूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुई बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचा रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन बस संचालन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर गया है।