🔊
ब्रेकिंग न्यूज़- लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका, कई वाहन क्षतिग्रस्त - चार से पांच लोग घायल, दिल्ली में हाई अलर्ट
दिल्ली, सोमवार शाम – राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक जोरदार धमाका होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह धमाका मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। धमाके के तुरंत बाद कार में आग लग गई और पास में खड़ी तीन से चार अन्य गाड़ियां भी लपटों की चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। वहीं दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, चार से पांच घायल व्यक्तियों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस विस्फोट के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और लाल किला के आसपास यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
गौरतलब है कि लाल किला और उसके आसपास का इलाका दिल्ली के सबसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक है, जहां सुरक्षा हमेशा कड़ी रहती है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हुई हैं।