🔊
दिल्ली जैसा खौफनाक धमाका अब श्रीनगर में - नौगाम थाने में रात को बड़ा विस्फोट, 6 की मौत, 24 से अधिक घायल
चंपावत न्यूज | राष्ट्रीय सुरक्षा विशेष रिपोर्ट
श्रीनगर, 15 नवंबर।
दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए घातक कार विस्फोट जैसा ही दिल दहला देने वाला मंजर बुधवार देर रात श्रीनगर में देखने को मिला। नौगाम पुलिस स्टेशन के भीतर हुए भीषण धमाके में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं।
घायलों को तुरंत उजाला सिग्नस, SMHS और 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फरीदाबाद में जब्त विस्फोटक की सैंपलिंग के दौरान ब्लास्ट?
सूत्रों के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब फरीदाबाद में बरामद किए गए भारी मात्रा में विस्फोटक की सैंपलिंग की जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया कि जब्त किया गया विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट था। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज नौगाम, छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक तक सुनाई दी। आसपास के घरों की खिड़कियां चटक गईं, दीवारों में दरारें तक आ गईं।
दिल्ली विस्फोट से जुड़ता दिख रहा है लिंक
घटना के बाद सामने आए वीडियो फुटेज में दृश्य बिल्कुल ऐसे दिखे जैसा कि दिल्ली धमाके के बाद नजर आए थे। दिल्ली में 10 नवंबर को हुए कार ब्लास्ट में 13 निर्दोष लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियां उस धमाके की जड़ तक पहुंचने में जुटी हुई हैं।
सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल से जुड़ाव के संकेत
प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह विस्फोट उसी सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल से जुड़े विस्फोटक से हुआ हो सकता है, जिसका नौगाम पुलिस ने हाल ही में भंडाफोड़ किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार-
फरीदाबाद से जब्त 2900 किलो विस्फोटक में लगभग 358 किलो RDX शामिल था।
इसकी FSL टीम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, और एक स्थानीय दर्जी मिलकर सैंपलिंग कर रहे थे।
जब्त 360 किलो विस्फोटक सामग्री जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से मिली थी।
मुजम्मिल अब तक इस मॉड्यूल से गिरफ्तार किए गए 8 आतंकियों में से एक है।
यह स्पष्ट नहीं है कि संपूर्ण 360 किलो विस्फोटक पुलिस स्टेशन में रखा गया था या सिर्फ उसका हिस्सा।
19 अक्टूबर को दर्ज हुआ था सफेदपोश मॉड्यूल का केस
धमाका हुए स्थान-नौगाम पुलिस स्टेशन-में ही 19 अक्टूबर को इस मॉड्यूल से जुड़ा मामला दर्ज किया गया था। इसके तार सीधा दिल्ली लाल किला हमले से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच जारी-केंद्र व राज्य एजेंसियां अलर्ट पर
घटना के बाद एनआईए, एसआईटी, इंटेलिजेंस ब्यूरो सहित सभी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। दिल्ली और श्रीनगर के दोनों धमाकों में समानता पाए जाने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।