🔊
भारत का हमला तय, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का डर उजागर
इस्लामाबाद/नई दिल्ली, 28 अप्रैल 2025:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े रुख से पाकिस्तान में हलचल मच गई है। हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद पाकिस्तान की भूमिका सामने आने पर भारत द्वारा लगातार राजनयिक और कूटनीतिक दबाव बनाए जाने से पाकिस्तान अब खुद को असहज महसूस कर रहा है।
इसी कड़ी में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के संभावित सैन्य हमले की आशंका जताई है। रॉयटर्स के अनुसार, आसिफ ने सोमवार को कहा, भारत की तरफ से हमला तय है और यह हमला जल्द ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस खतरे को देखते हुए पाकिस्तान ने अपनी सुरक्षाबलों की तैयारियां तेज कर दी हैं।
आसिफ ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान हाई अलर्ट पर है और अगर देश के अस्तित्व पर कोई खतरा पैदा होता है, तो पाकिस्तान परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर भी विचार कर सकता है। हालांकि, उन्होंने इस संवेदनशील मुद्दे पर ज्यादा विस्तार से जानकारी नहीं दी।
पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार
रक्षा मंत्री आसिफ ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती को दिए साक्षात्कार में चीन और रूस से हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले की जांच के लिए एक अंतरराष्ट्रीय जांच दल गठित किया जाना चाहिए, जिसमें रूस, चीन और पश्चिमी देशों की भागीदारी हो। पाकिस्तान का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच कर भारत के झूठ को उजागर किया जा सकता है।
भारत का सख्त कदम
भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक सख्त कदम उठाए हैं। भारत ने सिंधु जल समझौते को तोड़ने के बाद सोमवार को पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों और सामग्री पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि ख्वाजा आसिफ पहले भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर चुके हैं कि पाकिस्तान सरकार तीन दशकों से आतंकी संगठनों को समर्थन और प्रशिक्षण देने का गंदा काम करती रही है। इस पुराने कबूलनामे के आलोक में, भारत ने इस आतंकी हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर करने की मुहिम तेज कर दी है।