🔊
फंदे पर लटकी मिली महिला स्वास्थ्य अधिकारी की लाश, मोबाइल स्विच ऑफ; किराए के मकान में रह रही थी अकेली
महोबा, उत्तर प्रदेश — जिले के बेलाताल कस्बे में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैतपुर में तैनात महिला स्वास्थ्य अधिकारी आकांक्षा (30) का शव उनके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, आकांक्षा मूल रूप से हमीरपुर जिले के सिसोलर गांव की निवासी थीं और महोबा के मोहल्ला बजरिया में किराए पर रह रही थीं। सोमवार दोपहर जब उनके कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर उन्होंने आकांक्षा को दुपट्टे से लटके देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल की बारीकी से जांच की और बंद हालत में मिला मोबाइल फोन जब्त कर लिया। आकांक्षा अप्रैल 2022 से सीएचसी जैतपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।