🔊
छह मंजिला इमारत में भीषण आग, जूता कारोबारी और परिवार समेत छह की मौत
कानपुर, 5 मई: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर इलाके में रविवार रात भीषण हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब छह मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित एक जूता फैक्ट्री में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 9:30 बजे लगी। आग इतनी तेज थी कि ऊँची-ऊँची लपटों को देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई। दमकल की 35 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। हादसे में जूता कारोबारी दानिश, उनकी पत्नी नाजनीन, तीन बेटियां और घर पर ट्यूशन पढ़ाने आए एक शिक्षक की जलकर मौत हो गई। सभी के शव दमकलकर्मियों ने रात करीब तीन बजे मलबे से बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। बताया गया कि इमारत के भूतल पर दानिश का मिलिट्री जूते बनाने का कारखाना था, ऊपर गोदाम और बाकी मंजिलों पर जूते रखे हुए थे। रविवार को फैक्ट्री बंद थी, लेकिन अचानक आग लग गई और तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में बचाव कार्य चलाया गया। आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली कराया गया। मौके पर एडीएम राजेश सिंह समेत कई आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
इमारत में आग की वजह से दरारें भी आ गई हैं। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह हादसा रिहायशी इमारतों में चल रहे उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।