🔊
पाकिस्तान ने गिराए भारतीय लड़ाकू विमान? विशेषज्ञों ने बताया -फेक न्यूज़, भारत ने दी स्पष्ट प्रतिक्रिया
नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 7 मई 2025:
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सीमा पार तनाव के बाद पाकिस्तान द्वारा भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा किया गया है। हालांकि, भारतीय रक्षा मंत्रालय ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह से झूठा और मनगढ़ंत बताया है।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बयान दिया कि भारतीय हमलों के जवाब में पाकिस्तान वायुसेना ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद के पास दो भारतीय विमानों को मार गिराया और एक ब्रिगेड मुख्यालय को नष्ट किया। यह दावा पाकिस्तान के सरकारी चैनल पीटीवी न्यूज़ पर प्रसारित हुआ।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के ऑपरेशन को कायराना हमला बताते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी और कहा कि पाकिस्तान समय और स्थान का चुनाव खुद करेगा।
भारत की प्रतिक्रिया:
भारतीय वायुसेना और रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक सटीक और सीमित कार्रवाई थी, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकवादी लॉन्च पैड्स को नष्ट करना था। भारत ने नागरिक या सैन्य ठिकानों पर हमले से स्पष्ट इनकार किया और इसे ;गैर-उकसाने वाली और आवश्यक कार्रवाईबताया।
फेक न्यूज़ की आशंका:
सुरक्षा विशेषज्ञों और मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तान द्वारा फैलाया गया यह नैरेटिव एक रणनीतिक प्रचार है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय में सहानुभूति प्राप्त करना और घरेलू असंतोष को भटकाना है।
वरिष्ठ रक्षा विशेषज्ञ अजय शुक्ला के अनुसार, इस प्रकार के बिना पुष्टि के दावे पहले भी पाकिस्तान की ओर से सामने आते रहे हैं। यह मनोवैज्ञानिक युद्ध का एक हिस्सा है। अगर वास्तव में विमान गिराए गए होते, तो अंतरराष्ट्रीय निगरानी एजेंसियों से इसकी पुष्टि हो जाती।
कूटनीतिक प्रयास जारी:
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका और रूस समेत कई देशों ने संयम बरतने की अपील की है। कूटनीतिक चैनलों के ज़रिए तनाव को कम करने के प्रयास जारी हैं।