🔊
भारत का पाकिस्तान के पांच शहरों पर जबरदस्त हमला, दो जेएफ-17 और एक एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराए पहलगाम आतंकी हमले के बाद ;ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की बड़ी सैन्य कार्रवाई
भारत का पाकिस्तान के पांच शहरों पर जबरदस्त हमला, दो जेएफ-17 और एक एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराए
पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की बड़ी सैन्य कार्रवाई
श्रीनगर।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार रात भारत ने लाहौर सहित पाकिस्तान के पांच प्रमुख शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर जबरदस्त हमला किया। इससे पहले पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में 15 से अधिक शहरों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की नाकाम कोशिश की, जिनमें से अधिकतर हमलों को भारत के एस-400 और आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया।
भारतीय वायुसेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दो जेएफ-17 थंडर और एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया। लाहौर और बहावलपुर में स्थित सैन्य डिपो और एयर डिफेंस सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों के अनुसार, भारत ने दर्जनभर से अधिक ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से पाकिस्तान के आठ शहरों के एयरबेस और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया।
इस बीच, पाकिस्तान की ओर से जवाबी गोलाबारी भी तेज कर दी गई है। नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी जारी है। जम्मू, पठानकोट और जैसलमेर में शाम को फिर से मिसाइल हमलों की कोशिश की गई, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने उन्हें सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
इस युद्ध जैसे हालात के चलते धर्मशाला में चल रहा आईपीएल मैच भी सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया। भारत ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है कि यदि उसने टकराव को और बढ़ाने की कोशिश की, तो उसे और भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।