🔊
भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में तबाही, कई शहरों में ब्लैकआउट और आपात बैठकें
नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क:
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने बुधवार-गुरुवार रात को भारत के कई राज्यों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब में हुए इन हमलों को भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने पूरी तरह विफल कर दिया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर करारा जवाबी हमला करते हुए कई मिसाइलें और ड्रोन दागे।
भारतीय रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के जेएफ-17, एफ-16 और अवॉक्स विमान भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें वायुसेना ने लक्षित कर उनकी ही सीमा में मार गिराया। इसके बाद भारत ने इस्लामाबाद, लाहौर, कराची, सियालकोट और बहावलपुर जैसे बड़े शहरों में जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल हमले किए।
INS विक्रांत से कराची और ओरमारा पर हमला
भारतीय नौसेना ने भी मोर्चा संभालते हुए अरब सागर में तैनात INS विक्रांत से कराची और ओरमारा बंदरगाहों पर मिसाइलें दागीं, जिससे इन क्षेत्रों में भीषण आगजनी हुई और कराची बंदरगाह पर भारी नुकसान पहुंचा।
पाकिस्तान में मची खलबली, उच्च स्तरीय बैठक बुलाई
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद समेत आठ शहरों में ब्लैकआउट और हमलों के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आपात उच्चस्तरीय सैन्य बैठक बुलाई। पाकिस्तानी सेना ने हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचा है और कई सैनिक घायल हुए हैं।
अमेरिका की मध्यस्थता की कोशिश
इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिका की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि अमेरिका की प्राथमिकता इस स्थिति में तनाव को बढ़ने से रोकना है। उन्होंने दोनों देशों से संवाद बनाए रखने की अपील की है।
भारत की आंतरिक तैयारियां तेज
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीमावर्ती जिलों में 5 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 9 और 10 मई को सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।