🔊
पाकिस्तान ने किया भारत के सैन्य ठिकानों पर भयंकर हमला, भारतीय सेना ने सभी ड्रोन और मिसाइल हमलों को किया नाकाम
जम्मू/नई दिल्ली। भारत के खिलाफ पाकिस्तान की एक और नापाक साजिश को भारतीय सुरक्षा बलों ने गुरुवार रात विफल कर दिया। पाकिस्तान ने रात 8 से 10 बजे के बीच जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर और जैसलमेर जैसे रणनीतिक सैन्य ठिकानों पर ड्रोन, रॉकेट और मिसाइलों के माध्यम से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
ड्रोन घुसपैठ नाकाम, रडार सिस्टम तबाह
पठानकोट, सांबा और जम्मू क्षेत्र में देखे गए पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सेना ने मार गिराया। रक्षा सूत्रों के अनुसार, अखनूर क्षेत्र में ब्लैकआउट के बीच ड्रोन को रोकने के प्रयास के दौरान जोरदार धमाके भी सुनाई दिए। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के रडार और नियंत्रण प्रणाली को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
उमर अब्दुल्ला की अपील
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए बताया कि वे खुद जम्मू में हैं और लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने ब्लैकआउट की एक तस्वीर साझा करते हुए जनता से घरों में रहने और अफवाहों से बचने की अपील की।
पुंछ में भारी गोलाबारी
सीमा पार से पुंछ जिले में भारी गोलाबारी की गई, जिससे वहां रह रहे नागरिकों में दहशत का माहौल है। फिलहाल किसी नागरिक हानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सेना हाई अलर्ट पर है।
पाकिस्तान में आंतरिक दबाव
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को उनके बड़े भाई और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कूटनीतिक समाधान तलाशने की सलाह दी है। इससे स्पष्ट है कि पाकिस्तान की मौजूदा सरकार भी युद्ध जैसे हालात से पीछे हटना चाहती है।