🔊
शोपियां मुठभेड़ में लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर, सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी
शोपियां (जम्मू-कश्मीर), 13 मई 2025:
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ शोपियां के शुकरू केलर इलाके में हुई, जहां सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने पहले एक आतंकी को मार गिराया, और थोड़ी ही देर में दो अन्य आतंकियों को भी ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
हालांकि मारे गए आतंकियों का सीधा संबंध हाल ही में हुए पहलगाम हमले से नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के तहत पूरे दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ मुहिम तेज कर दी है।
इससे पहले मंगलवार को ही पहलगाम हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश में शोपियां के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं। एजेंसियों ने इन आतंकियों की जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।