🔊
फंदे से लटकी मिली युवक-युवती की लाश, चंद घंटे पहले की थी शादी
सोनभद्र में प्रेमी युगल की संदिग्ध आत्महत्या: शादी के चंद घंटे बाद फंदे से लटकी मिली लाशें
सोनभद्र, 17 मई 2025:
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में प्रेम संबंधों को लेकर एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेणुकूट क्षेत्र के पिपरी थाना अंतर्गत पाटी गांव के जंगल में शनिवार को एक प्रेमी युगल की फंदे से लटकती लाश मिली। मृतकों की पहचान गांव के ही राजकुमार खरवार (22) और मनीषा खरवार (20) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों का शव पेड़ पर लटकता हुआ मिला। युवक ने गमछे और युवती ने दुपट्टे से फंदा लगाया था। दोनों के चेहरे आमने-सामने थे, और युवती की मांग में सिंदूर भरा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने शादी कर आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना प्रभारी नागेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके खिलाफ थे। करीब एक माह पहले गांव में पंचायत भी बैठी थी, जिसमें दोनों ने अलग रहने की सहमति जताई थी।
घटना के बाद गांव में मातम छा गया है। परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। यह पिछले 10 दिनों में प्रेमी युगल की आत्महत्या का तीसरा मामला है, जिसने प्रशासन और समाज को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। प्रेम विवाह को लेकर सामाजिक असहमति और दबाव एक बार फिर इस दुखद घटना की पृष्ठभूमि के रूप में सामने आया है।