🔊
अबूझमाड़ में डीआरजी का बड़ा ऑपरेशन: 26 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद
नारायणपुर/बीजापुर/दंतेवाड़ा – छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों की डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक 26 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में एक जवान शहीद हुआ है जबकि एक अन्य घायल बताया जा रहा है।
मुठभेड़ सुबह से माड़ के जंगलों में जारी है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के बड़े कमांडरों को चारों तरफ से घेर लिया है। दोनों ओर से भारी गोलीबारी हो रही है। मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ भी सकती है।
यह मुठभेड़ तीन जिलों – नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर की सीमाओं पर हो रही है। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों में कई वांछित और बड़े नेता भी शामिल हो सकते हैं। ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता से इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विवरण का इंतजार किया जा रहा है।