🔊
प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा: तीन बहनों समेत चार बच्चियों की डूबने से मौत, बकुलाही नदी से मिट्टी लेने गई थीं चारों
बकुलाही नदी में चार मासूमों की डूबकर मौत, गांव में कोहराम, जेसीबी से की गई खुदाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
प्रतापगढ़: महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में चार बच्चियों की मौत हो गई। चूल्हे की मिट्टी लेने गईं ये बच्चियां बकुलाही नदी में डूब गईं। मरने वालों में तीन सगी बहनें और एक चचेरी बहन शामिल हैं। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्वाति (13), संध्या (11), चांदनी (6) पुत्रियाँ जीतलाल और प्रियांशी (7) पुत्री पृथ्वीपाल मिट्टी लेने नदी के किनारे गई थीं। इस दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना पर महेशगंज व कुंडा पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम और नायब तहसीलदार अजय सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने नदी की मिट्टी जेसीबी से खोदवाकर बेची थी, जिससे नदी में गहरे गड्ढे हो गए। इन्हीं गड्ढों के चलते यह हादसा हुआ।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।