🔊
हैवानियत की हदें पार, बिस्किट का लालच देकर चाय दुकानदार ने छह साल की बच्ची से किया दुष्कर्म
प्रयागराज (विशेष संवाददाता): प्रयागराज के समीप एक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 58 वर्षीय चाय दुकानदार ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को बिस्किट का लालच देकर बहलाया गया और फिर वारदात को अंजाम दिया गया। बच्ची की बिगड़ती हालत के बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रयागराज में एलकेजी की छात्रा है और अपने परिवार के साथ गांव एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने आई थी। शुक्रवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी प्रहलाद सिंह उसे अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। बच्ची को डराने के लिए 10 रुपये दिए गए और किसी को कुछ न बताने की धमकी दी गई।
रात में बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और शनिवार सुबह वह असहनीय पीड़ा में थी। परिजनों ने जब पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को उसकी दुकान से पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया।
थाना प्रभारी बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत अब स्थिर है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाज में आक्रोश: घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।