🔊
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, फोटो दीवारों में चिपकाकर वायरल करने की दी धमकी
लखनऊ। चिनहट क्षेत्र की एक युवती ने बाराबंकी निवासी बीटेक छात्र पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अभिनंदन सहित उसकी मां और बहनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, उसका परिवार परचून की दुकान चलाता है। वर्ष 2017 में टिकैतनगर फत्तापुरवा (बाराबंकी) निवासी अभिनंदन उनके घर सामान की सूची देकर गया था। रात करीब 8:30 बजे जब वह सामान लेकर उसके घर पहुंची तो आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना लिए।
इसके बाद आरोपी लंबे समय तक युवती का यौन शोषण करता रहा। वर्ष 2018 में जब युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय की, तो अभिनंदन ने शादी का आश्वासन देकर उसे रोक लिया। युवती के अनुसार, 22 जनवरी को शादी की तिथि भी तय हुई, लेकिन आरोपी के घरवालों ने इंकार कर दिया। एक मार्च को जब फिर से शादी की बात उठी, तो अभिनंदन ने दहेज में कार की मांग रख दी। जब युवती ने दबाव डाला तो उसने धमकी दी कि यदि शादी का दबाव डाला गया तो वह उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें गांव में चस्पा कर देगा।
चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि आरोपी अभिनंदन, उसकी मां और बहनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया जाएगा और आगे की जांच जारी है।