🔊
सिरफिरे प्रेमी ने छात्रा की चाकू मारकर हत्या की, शव जंगल में जलाया
दिल्ली, 3 जून 2025
देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। डीयू की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा महक (18) की उसके एक परिचित युवक अर्शकीरत (22) ने बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी और शव को दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित संजय वन में जलाने की कोशिश की। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह महक कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोपी अर्श ने उसे जहांगीरपुरी से बुलाया और पहले से योजना बनाकर जंगल में ले जाकर चाकू से हमला कर दिया। फिर पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना:
दोपहर में अर्श के पिता ने महक की मां को कॉल कर बताया कि उनकी बेटी ने अर्श पर चाकू से हमला किया है, लेकिन कॉल में पीछे से अर्श की आवाज आई कि उसने भी महक को चाकू मारे हैं। इसके बाद परिजन महरौली थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
18 घंटे की तलाश के बाद खुलासा:
पुलिस व परिवार 18 घंटे तक महक की तलाश में जुटे रहे। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि आरोपी सुबह 8:30 बजे संजय वन में दाखिल हुआ और 12:57 बजे घायल अवस्था में अकेला बाहर निकलता दिखा। इसके बाद पुलिस ने अर्श को रानीबाग से गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर जंगल से अधजला शव बरामद हुआ।
पूर्व परिचय और रंजिश:
महक और अर्श की एक साल पहले दोस्ती हुई थी। महक के परिवार को अर्श पसंद नहीं था और उन्होंने बेटी को उससे दूर रहने को कहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी भी डीयू एसओएल से प्रथम वर्ष का छात्र है।
पुलिस का बयान:
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि आरोपी ने पहले से चाकू और पेट्रोल लेकर वारदात की योजना बनाई थी। महक के मना करने पर गुस्से में आकर उसने हमला किया और बाद में अस्पताल में इलाज कराकर घर लौटा।
--