🔊
एक गाय से शुरू हुआ सफर, नितिन डेयरी एंड फार्मिंग ने बदली बालकृष्ण की जिंदगी
एक गाय से शुरू हुआ सफर, नितिन डेयरी एंड फार्मिंग ने बदली बालकृष्ण की जिंदगी
चंपावत, 19 सितंबर 2026, सूवि।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित पशुपालन एवं डेयरी विकास योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, आयवृद्धि और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही हैं। योजनाओं का लाभ लेकर कई ग्रामीण अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।
इसी कड़ी में जनपद चंपावत के ग्राम अमोड़ी निवासी पशुपालक बालकृष्ण भट्ट ने गौपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने ‘नितिन डेयरी एंड फार्मिंग’ की स्थापना कर अपने डेयरी व्यवसाय को विस्तार दिया और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया।
₹35 हजार से शुरू किया कारोबार
बालकृष्ण भट्ट ने अपनी उद्यमशील यात्रा की शुरुआत महज ₹35 हजार की पूंजी से एक गाय खरीदकर की थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से गौपालन को आगे बढ़ाया। सरकारी योजनाओं से मिली सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन का उपयोग करते हुए उन्होंने धीरे-धीरे अपने डेयरी व्यवसाय का विस्तार किया।
आज उनके पास 5 गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 40 से 45 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। दूध की बिक्री स्थानीय बाजारों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही है।
हर महीने ₹45 से ₹50 हजार तक आय
डेयरी व्यवसाय से बालकृष्ण भट्ट वर्तमान में करीब ₹45 से ₹50 हजार प्रतिमाह की आय अर्जित कर रहे हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और वे अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।
बालकृष्ण भट्ट की सफलता यह दर्शाती है कि सीमित पूंजी, मेहनत, सही मार्गदर्शन और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी व्यवसाय को रोजगार एवं आय का प्रभावी माध्यम बनाया जा सकता है।