🔊
बेरीनाग के खितोली गांव में गुलदार का आतंक, दहशत में ग्रामीण; वन विभाग ने लगाए कैमरे।
बेरीनाग क्षेत्र स्थित खितोली गांव में पिछले एक हफ्ते से दो बागों (गुलदार/बाघ) की चहलकदमी से ग्रामीणों में भारी दहशत बनी हुई है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
खितोली निवासी धीरज पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते सात दिनों से लगातार दो बाग सुबह और शाम के समय गांव के आसपास मंडराते दिखाई दे रहे हैं। आबादी वाले इलाके में लगातार बागों की आवाजाही से गांव में डर का माहौल बना हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
सूचना मिलने के बाद शुक्रवार देर शाम वन विभाग की टीम फॉरेस्ट गार्ड चारु भट्ट के नेतृत्व में खितोली गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनसे सुरक्षा बरतने की अपील की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और बच्चों व मवेशियों का विशेष ध्यान रखें।
वन विभाग ने बागों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गांव के आम रास्ते और खेल मैदान के समीप दो ट्रैप कैमरे स्थापित कर दिए हैं, ताकि उनकी मूवमेंट को ट्रैक किया जा सके।
इस दौरान मौके पर रमेश पंत, चारु पंत, दीपक पंत, हिमांशु पंत, पंकज पंत और हरीश पंत समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।