🔊
गंगोलीहाट में बंदरों का आतंक, काश्तकारों और व्यापारियों ने वन विभाग को सौंपा ज्ञापन।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)।गंगोलीहाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय काश्तकार, व्यापारी और आम नागरिक बेहद परेशान हैं। बंदरों के झुंड न केवल खेतों में खड़ी फसलों, फल-सब्जियों और पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं,
बल्कि बाजार में फल व सब्जी विक्रेताओं का व्यापार करना भी मुश्किल कर दिया है। आक्रामक बंदरों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का राह चलना दूभर हो गया है।
इस गंभीर समस्या से राहत पाने के लिए नगर उद्योग व्यापार मंडल गंगोलीहाट के बैनर तले क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों ने वन क्षेत्राधिकारी (वन विभाग, दशाईंथल) को एक ज्ञापन पत्र सौंपा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष हितेश खाली, जिला मंत्री प्रदीप पंत,उपाध्यक्ष हंसा दत्त पाठक, सचिव मनीष बिष्ट और कोषाध्यक्ष सुरेश चन्द्र उप्रेती, संरक्षक किशन पाठक, किशन उप्रेती,किशन भंडारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने ज्ञापन में वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय खूंखार बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी अभियान चलाया जाए।
व्यापारियों और ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते बंदरों को नहीं पकड़ा गया तो काश्तकारों की बची-खुची फसलें भी चौपट हो जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि वन विभाग त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को इस समस्या से स्थाई निजात दिलाएगा।