🔊
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से चम्पावत के 40 लाभार्थियों को 2.65 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
चम्पावत, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चम्पावत जनपद के 40 लाभार्थियों के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष/राहत मद से कुल 2 लाख 65 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। स्वीकृत धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत को प्रेषित कर दी गई है, जिसके बाद नियमानुसार लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में सहायता राशि के वितरण की कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ की जाएगी। पात्र लाभार्थियों को आवश्यक पहचान पत्र, बैंक खाते का विवरण तथा अन्य वांछित अभिलेख उपलब्ध कराने के बाद नियमानुसार एकाउंट पेयी चेक अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।
शासन के निर्देशों के अनुसार भुगतान से पहले यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित लाभार्थी को चालू वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष अथवा किसी अन्य मंत्री के विवेकाधीन कोष से इसी प्रकार की सहायता प्राप्त न हुई हो। इसके लिए लाभार्थियों से स्व-प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा।
सहायता राशि प्राप्त होने के बाद लाभार्थियों को निर्धारित प्रयोजन के लिए छह माह के भीतर धनराशि का उपयोग करना होगा। इसके बाद उपयोगिता प्रमाण-पत्र (जीएफआर-19-ए) जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। वहीं, यदि किसी लाभार्थी को स्वीकृत राशि का भुगतान अधिकतम तीन माह के भीतर नहीं हो पाता है तो शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत धनराशि वापस की जाएगी।
प्रशासन की ओर से पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 40 लाभार्थियों की सूची और स्वीकृत धनराशि का विवरण जिला कार्यालय के सूचना पट्ट के साथ-साथ संबंधित तहसील स्तर पर भी चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये 40 लाभार्थी शामिल
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष/राहत मद के तहत सहायता के लिए स्वीकृत लाभार्थियों में ध्रुव सिंह, नन्दा देवी, गीता देवी, दिनेश चन्द्र बगौली, सुनीता देवी, जानकी देवी, प्रकाश सिंह, सुनीता देवी, गीतांजली जॉन, रानी देवी, दीपा कलोनी, महेश्वरी देवी, सुनीता देवी, दिलीप बिस्वास, दिलीप सिंह, पार्वती जोशी, नानक चंद, देवकी चंद, सहीदन खातून, नाजमा खातून, रिजवाना खातून, अली हुसैन, लक्ष्मी तिवारी, ललिता, लक्ष्मी, राजेन्द्र सिंह, मृदुल कुमार सिसौदिया, नामू देवी, ललिता बोहरा, कृष्ण सिंह महर, मो. नफीस, पुष्पा देवी, मो. आशिफ, गोदावरी, बद्री सिंह, पुष्पा देवी, रेखा, बिमला देवी, वेद प्रकाश और रमेश चन्द्र गहतोड़ी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सहायता राशि का वितरण समयबद्ध, निष्पक्ष और नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखते हुए उपयोगिता प्रमाण-पत्र शासन को भेजे जाएं।