🔊
सेवा संकल्प अभियान: रांकड़ी फुलारा में कृषक शिविर, 28 किसानों को निःशुल्क सब्जी बीज वितरित
सेवा संकल्प अभियान: रांकड़ी फुलारा में कृषक शिविर, 28 किसानों को निःशुल्क सब्जी बीज वितरित
चंपावत, 19 सितंबर 2026, सूवि।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंपावत में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रांकड़ी फुलारा में एक दिवसीय ग्राम स्तरीय कृषक शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि शिविर में क्षेत्र के 28 जरूरतमंद एवं प्रतिभावान कृषकों को उन्नत किस्म के सब्जी बीज निःशुल्क वितरित किए गए। इससे स्थानीय स्तर पर सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आजीविका और आय में सुधार की उम्मीद है।
शिविर में उद्यान विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि अनुदान (सब्सिडी) और आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों के आयोजन से किसानों को विभागीय योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी गांव में ही उपलब्ध हो रही है। विभाग ने किसानों को योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यानिकी एवं कृषि क्षेत्र को आय का बेहतर माध्यम बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।