🔊
चंपावत में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का रोस्टर जारी, 23 विभागों की सेवाएं मिलेंगी एक ही स्थान पर
चंपावत, 19 सितंबर 2026, सूवि।
जनपद चंपावत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा सेतु) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चल रहे अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में 23 विभागों की सेवाएं एवं योजनाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के ऐसे नागरिक, जो दूरी अथवा अन्य कारणों से सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते हैं, उन्हें गांव के नजदीक ही सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविरों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
इन स्थानों पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
तिथि स्थान विकासखंड न्याय पंचायत
22 सितंबर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, टनकपुर चंपावत मोहनपुर
24 सितंबर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंगदा बाराकोट सिगदा
26 सितंबर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पिपलाटी पाटी कमलेख
29 सितंबर राजकीय इंटर कॉलेज, पुल्ला लोहाघाट डुमडाई
1 अक्टूबर रामलीला प्रांगण, धूरा चंपावत बमनजौल
6 अक्टूबर राजकीय इंटर कॉलेज, सल्ली चंपावत दुबडजैनल
8 अक्टूबर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नीड़ तल्ली चंपावत दुबडजैनल
13 अक्टूबर राजकीय इंटर कॉलेज, दुबचौड़ा चंपावत सिप्टी
15 अक्टूबर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अमोड़ी चंपावत स्वाला
17 अक्टूबर राजकीय इंटर कॉलेज, दसलेख मडुवा लोहाघाट रौसाल
23 विभागों की लगेंगी स्टॉल
बहुउद्देशीय शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, गृह, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन/मत्स्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोनिवि, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास, आपदा प्रबंधन तथा बैंकिंग/वित्तीय संस्थानों सहित 23 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
अधिकारी मौके पर ही लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
शिविर के बाद गांवों का भी करेंगे भ्रमण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी निकटवर्ती गांवों का भ्रमण कर पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र भरवाएंगे।
इसके साथ ही शिविरों में प्राप्त शिकायतों की सूची तैयार कर उनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचे।