🔊
गूगल मैप की गलती से भटक रहे बाबा नीम करौली के श्रद्धालु, हल्द्वानी की जगह चम्पावत पहुंच रहे यात्री।
चम्पावत। बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए देशभर से कैंची धाम पहुंच रहे यात्रियों को इन दिनों गूगल मैप की गलत दिशा के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज से आने वाले कई यात्रियों को हल्द्वानी की ओर जाने के बजाय गूगल मैप चम्पावत की तरफ से लोहाघाट और भवाली होते हुए लंबा रास्ता तय करने का मार्ग दिखा रहा है।
यात्रियों का कहना है कि गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए उन्हें चम्पावत और लोहाघाट की ओर पहुंचना पड़ रहा है, जिसके बाद भवाली होते हुए कैंची धाम की तरफ जाना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी और समय तय करना पड़ रहा है।
बाबा नीम करौली के दर्शन को पहुंच रहे कुछ श्रद्धालु इसे मजाकिया अंदाज में बाबा की परीक्षा भी बता रहे हैं। वहीं, यात्रियों का कहना है कि गूगल मैप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोग भरोसा करते हैं। ऐसे में गलत रूट दिखने से बाहर से आने वाले यात्रियों को अनावश्यक परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने गूगल मैप पर मार्ग संबंधी जानकारी को दुरुस्त किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सही और सुविधाजनक मार्ग मिल सके।