🔊
सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले होते हैं महामानव, जिलाधिकारी।
चंपावत। सड़क दुर्घटनाओं में समय पर पहुंचकर घायलों को बचाने और राहत पहुंचाने वाला व्यक्ति साधारण मानव नहीं, बल्कि महामानव होता है। दूसरों के जीवन को बचाने में अपना अहम योगदान देना एक पुनीत कार्य है। ऐसे लोग वास्तव में सम्मान के पात्र होते हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने वाले ऐसे व्यक्तियों को ‘राह-वीर’ की संज्ञा दी गई है। इस पुनीत कार्य के लिए राह-वीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है।
जिलाधिकारी ने पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा ए.आर.टी.ओ. को निर्देश दिए कि इस योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सड़क दुर्घटनाओं में आगे आकर मानव जीवन बचाने में मददगार साबित हो सकें।
उन्होंने दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित कार्रवाई किए जाने पर भी जोर दिया, ताकि राह-वीरों को शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं एवं प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार का विलंब न हो।
फोटो : जिलाधिकारी मनीष कुमार