🔊
बाजपुर में अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़, 114 सिम समेत दो SIM Box बरामद
बाजपुर। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर कुमाऊं यूनिट ने बाजपुर के मुड़िया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार उत्तराखंड में पहली बार इस तरह की कार्रवाई में विदेशी और VoIP कॉल को भारतीय लोकल नंबरों में बदलने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ ने मौके से कादिर पुत्र जाबिर अली, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी मिलक जुम्मावाली, ग्राम बेरखेड़ा चक, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर, मोबाइल फोन और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए।
विदेशी कॉल को भारतीय नंबर में बदलने का आरोप
एसटीएफ के अनुसार आरोपी SIM Box के जरिए विदेशी एवं इंटरनेट (VoIP) कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल कॉल में परिवर्तित करता था। इससे कॉल प्राप्त करने वाले के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता था। जांच में यह भी सामने आया कि अलग-अलग व्यक्तियों की आईडी का दुरुपयोग कर प्राप्त सिम कार्डों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर एसटीएफ ने आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से संपर्क में होने और उनके माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी है। आरोपी के अनुसार यह अवैध गेटवे करीब सात माह से संचालित किया जा रहा था।
डिजिटल अरेस्ट समेत साइबर अपराधों में इस्तेमाल
जांच में SIM Box तकनीक के इस्तेमाल से विदेशी/VoIP कॉल को स्थानीय नंबर के रूप में प्रदर्शित करने, कॉल करने वाले की पहचान एवं लोकेशन छिपाने तथा फर्जी दस्तावेजों पर जारी सिम कार्डों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। एसटीएफ के अनुसार ऐसी तकनीक का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में भी किया जा सकता है।
आरोपी पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार आरोपी वर्ष 2023 में थाना कटघर, मुरादाबाद में SIM Box के माध्यम से अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर था। उसके खिलाफ थाना कटघर में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित धाराओं और भारतीय तार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज बताया गया है।
एसटीएफ अब आरोपी के साइबर नेटवर्क, विदेशी संपर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। फर्जी दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
बरामद सामान में दो 32-स्लॉट SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम, एयरटेल इंटरनेट राउटर, Samsung A35 मोबाइल, LAN/USB केबल, कनेक्टर, AC एडाप्टर, पावर केबल, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर, एक्सटेंशन बोर्ड और अन्य टेलीकॉम उपकरण शामिल हैं।