🔊
लोहाघाट में एनसीसी कैडेट्स को टीबी और एचआईवी के प्रति किया जागरूक
चंपावत, 22 सितंबर 2026। स्वामी विवेकानंद डिग्री कॉलेज, लोहाघाट में मंगलवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए टीबी एवं एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही एचआईवी से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा करते हुए युवाओं को अपने आसपास भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के तहत कैडेट्स के मोबाइल फोन में टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कराया गया और उन्हें माय भारत वॉलंटियर के रूप में पंजीकृत किया गया। कुल 10 एनसीसी कैडेट्स का माय भारत वॉलंटियर के रूप में पंजीकरण किया गया।
एमओ-डीटीसी तनुजा पंत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रियंका पंत ने टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कैडेट्स से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में एसटीएस हरिमोहन बोहरा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने युवाओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़कर जनजागरूकता गतिविधियों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: