🔊
राजा हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी ने ही कराई थी हत्या, भाड़े पर बुलाए थे हत्यारे; सोनम समेत चार गिरफ्तार
शिलांग/गाजीपुर/इंदौर | 9 जून 2025
मेघालय में हनीमून पर गए इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राजा की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही साजिशन करवाई थी।
मेघालय पुलिस के डीजीपी आई. नोंग्रांग ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या की साजिश पत्नी सोनम ने रची थी और इसके लिए उसने मध्य प्रदेश से भाड़े के हत्यारों को बुलाया था। हत्या के मामले में सोनम समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
गाजीपुर में आत्मसमर्पण, अस्पताल भेजी गई सोनम
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोमवार को सोनम ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। यूपी एडीजी (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि सोनम वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर काशी ढाबा के पास संदिग्ध हालात में मिली थी। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल और फिर वन स्टॉप सेंटर में भेजा गया।
150 फीट गहरी खाई में मिला था राजा का शव
23 मई को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में यह दंपती लापता हुआ था। इसके बाद 2 जून को राजा का सड़ा-गला शव 150 फीट गहरी खाई से बरामद हुआ। शव की पहचान परिजनों ने राजा के टैटू से की। घटनास्थल पर न मोबाइल, न पर्स, न सोने की चेन मिली — केवल राजा की स्मार्टवॉच ही हाथ में बंधी थी।
गाइड के बयान से खुली साजिश की परतें
स्थानीय गाइड अल्बर्ट पैड ने खुलासा किया कि घटना वाले दिन यानी 23 मई को राजा और सोनम तीन अज्ञात पुरुषों के साथ थे। चारों पुरुष आगे-आगे चल रहे थे, जबकि सोनम पीछे थी। उन्होंने हिंदी में बातचीत की थी, जिससे गाइड को शक हुआ।
स्कूटी 25 किमी दूर मिली, गहराया शक
जो स्कूटी दंपती ने किराए पर ली थी, वह 25 किलोमीटर दूर एक अलग इलाके में मिली — जिससे हत्या की योजना और सुनियोजित लगने लगी। चाबी स्कूटी में ही लगी मिली, जिससे यह साफ हुआ कि हत्या के बाद जानबूझकर वाहन को दूसरी जगह छोड़ा गया।
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने जताई संतुष्टि
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने सोशल मीडिया पर लिखा, सात दिनों में पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश कर प्रशंसनीय कार्य किया है। तीन हत्यारों की गिरफ्तारी हो चुकी है, एक महिला ने आत्मसमर्पण किया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
इंदौर और ललितपुर से भी हुई गिरफ्तारी
डीजीपी नोंग्रांग ने बताया कि हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को इंदौर और एक को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से पकड़ा गया है। ये सभी सोनम के संपर्क में थे और उसके कहने पर ही मेघालय पहुंचे थे।