🔊
अहमदाबाद में डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरा एअर इंडिया का विमान, 61 विदेशी नागरिकों समेत 242 यात्री थे सवार
अहमदाबाद विमान हादसा: टेकऑफ के दौरान एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर दुर्घटनाग्रस्त, 242 यात्री थे सवार
PM मोदी ने ली जानकारी, अमित शाह रवाना हुए गुजरात, राहत-बचाव कार्य जारी
अहमदाबाद। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार दोपहर बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की लंदन जा रही उड़ान AI-171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान थी, टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे। टेकऑफ के कुछ क्षण बाद ही विमान रनवे की दीवार से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई और पूरे इलाके में धुएं का विशाल गुबार फैल गया।
मौके पर फायर ब्रिगेड और आपातकालीन टीमें त्वरित पहुंचीं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे।
PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ली जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल स्थिति की जानकारी ली है। गृह मंत्री अमित शाह भी हालात का जायजा लेने के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि वे स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखे हुए हैं और सभी एजेंसियों को तत्काल व समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विवादों में रहा है ड्रीमलाइनर विमान
AI-171 विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर मॉडल का था, जो पहले भी कई बार गुणवत्ता और उत्पादन खामियों को लेकर विवादों में रह चुका है।
उत्पादन प्रक्रिया में खामियां और
गुणवत्ता नियंत्रण की कमी
के चलते बोइंग को कई बार जांचों का सामना करना पड़ा है।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि हादसा दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ के दौरान हुआ। यात्रियों की सहायता के लिए हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया गया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि मीडिया हॉटलाइन पर कॉल न करें और संबंधित जानकारी के लिए मीडिया प्रतिनिधि दिए गए संपर्क नंबर +91 9821414954 से संपर्क करें।
स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी
राज्य पुलिस कंट्रोल रूम और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने घटनास्थल को सील कर दिया है। क्षेत्र में यातायात डायवर्ट कर दिया गया है और हवाई अड्डे की अन्य उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाई गई है।