🔊
दिल दहला देने वाला हत्याकांड: मां ने प्रेमी संग मिलकर 6 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव के सामने की पार्टी
लखनऊ, 16 जुलाई 2025
राजधानी लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां खंदारी बाजार में रहने वाली एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर महज छह साल की मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का मकसद था -अपने पति को फंसाना और उसे जेल भिजवाना।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला रोशनी खान और उसका प्रेमी उदित जायसवाल इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त हैं। सोमवार रात को रोशनी ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर जानकारी दी कि उसके पति शाहरूख ने बेटी सोना की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को शव सड़ा हुआ मिला, जिससे हत्या की टाइमिंग को लेकर संदेह हुआ।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि हत्या रविवार को ही कर दी गई थी, यानी 36 घंटे पहले। इसके बाद भी आरोपी रोशनी और उसका प्रेमी उसी घर में रुके और शव के सामने ही पार्टी करते रहे।
शक गहराने पर पुलिस ने रोशनी और उदित को थाने ले जाकर पूछताछ की, जहां पहले उदित टूट गया और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। बाद में रोशनी ने भी कबूल किया कि उसने पति शाहरूख को फंसाने के लिए बेटी की हत्या की।
पुलिस के अनुसार, रोशनी का शाहरूख से पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। वह प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी। शाहरूख सोमवार रात अपनी बेटी से मिलने आया था, जहां उसका रोशनी से झगड़ा हुआ और वह लौट गया। उसी के बाद रोशनी ने पुलिस को फोन कर झूठी शिकायत दी।
जांच में सामने आया है कि रोशनी का क्लबों में डांस करने के दौरान उदित से संपर्क हुआ, जिसके बाद वह शाहरूख से दूरी बनाने लगी। रोशनी की नजर शाहरूख की संपत्ति पर भी थी, जिसे लेकर पारिवारिक विवाद और गहराता गया।
कैसरबाग थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र के अनुसार, आरोपी महिला और उसके प्रेमी से लगातार पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से एकत्र साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों के बयानों के आधार पर हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य बिंदु
हत्या रविवार को की गई, सूचना सोमवार देर रात दी गई।
शव 36 घंटे तक घर में पड़ा रहा, उस दौरान आरोपियों ने पार्टी की।
पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या और शव सड़ने की पुष्टि।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पति को फंसाने की नीयत से मासूम की हत्या का खौफनाक षड्यंत्र रचा गया।
यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करती है बल्कि यह सवाल भी खड़ा करती है कि समाज में रिश्तों की नैतिकता किस ओर जा रही है।
--