🔊
सेना आयुध कोर की 250वीं वर्षगांठ पर चंपावत में भव्य आयोजन
बड़ाखाना और रक्तदान शिविर के माध्यम से सैनिकों ने दिखाई सेवा भावना
चंपावत, 7 अप्रैल 2025 (सूवि)।
भारतीय सेना के सेना आयुध कोर (Army Ordnance Corps) की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर चंपावत में 119 स्वतंत्र इन्फैंट्री ब्रिगेड समूह ओएमसी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए रविवार को बड़ाखाने का आयोजन किया गया, जिसमें वेटरन्स, सैनिकों और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, अर्द्धसैनिक बलों के कर्मचारी और पूर्व सैनिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेना के अधिकारियों, जेसीओ, जवानों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार को एक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें सेना के 14 जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान शिविर का उद्घाटन वयोवृद्ध सूबेदार के.के. जोशी द्वारा किया गया। रक्त संग्रह की जिम्मेदारी जिला अस्पताल और सैन्य अस्पताल पिथौरागढ़ की मेडिकल टीम ने संभाली।
ज्ञात हो कि सेना आयुध कोर भारतीय सेना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसकी स्थापना 8 अप्रैल 1775 को की गई थी। यह कोर सेना को सामग्री और लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान करने के लिए उत्तरदायी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल कोर की गौरवपूर्ण विरासत का उत्सव मनाना था, बल्कि सैनिकों की सेवा भावना, एकता और समर्पण को भी जनमानस के समक्ष लाना था।
--