🔊
खर्ककार्की ग्राम पंचायत के प्रशासक विपिन नाथ का शव फंदे से लटका मिला, आत्महत्या की आशंका
चंपावत, 13 अप्रैल – चंपावत विकासखंड की खर्ककार्की ग्राम पंचायत के प्रशासक विपिन नाथ (33) का शव शनिवार को फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रविवार, 14 अप्रैल को किया जाएगा।
विपिन नाथ पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके थे और वर्तमान में ग्राम पंचायत के प्रशासक के रूप में कार्यरत थे। वह अविवाहित थे और अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में मां, भाई और भाभी का परिवार शामिल है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।