🔊
पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: काउंटर इंटेलिजेंस ने 1.6 किलो आरडीएक्स और रिमोट बरामद किए, दो आरोपी गिरफ्तार
पंजाब: पंजाब को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को काउंटर इंटेलिजेंस ने समय रहते विफल कर दिया है। सरहिंद (फतेहगढ़ साहब) के पास से 2.8 किलोग्राम का इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया गया है, जिसमें 1.6 किलो आरडीएक्स और एक रिमोट कंट्रोल शामिल है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर को खुफिया इनपुट मिला था कि जर्मनी में बैठे आतंकी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी के कहने पर उसके गुर्गे जग्गा सिंह और मनजिंदर सिंह पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इन दोनों का संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से भी बताया जा रहा है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से जो आरडीएक्स बरामद हुआ है, वह पाकिस्तान से भेजा गया था। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि इस विस्फोटक को पंजाब के किसी संवेदनशील इलाके में धमाका करने के लिए इस्तेमाल किया जाना था। दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सकें, लेकिन समय रहते उन्हें धर दबोचा गया।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोटक भारत में कहां से और किसके जरिये पहुंचा। इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फिरोजपुर और जलालाबाद में पाकिस्तान से आए टिफिन बम के जरिये हमला करने की कोशिशें हो चुकी हैं। जलालाबाद की सब्ज़ी मंडी में हुए एक विस्फोट में एक आरोपी की मौत हो गई थी, जबकि बाकी को पुलिस ने सीमावर्ती गांवों से गिरफ्तार किया था।
इस ताज़ा सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस एजेंसियां किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।