🔊
चंपावत जनपद में अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत, रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक
चंपावत, 14 अप्रैल 2025 – जनपद चंपावत में अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत श्रद्धांजलि सभा और जागरूकता रैली के साथ की गई। यह सप्ताह 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह पर हुई भीषण अग्निकांड में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की याद में की गई थी।
पुलिस अधीक्षक चंपावत श्री अजय गणपति के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपाधीक्षक चंपावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में लोहाघाट एवं टनकपुर के अग्निशमन केंद्रों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद टनकपुर एवं लोहाघाट क्षेत्र में अग्निशमन सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर श्री शिवराज सिंह राणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में अग्निशमन दल द्वारा लोगों को आग से सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई और जनमानस को सजग रहने का संदेश दिया गया।
टनकपुर कस्बे के मुख्य चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डे एवं रेलवे स्टेशन पर आम जनता को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पोस्टर व पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनमें आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों का उल्लेख किया गया था।
अग्निशमन सप्ताह के माध्यम से लोगों को आग जैसी आपदाओं से निपटने की जानकारी देना और जागरूक बनाना ही इसका मुख्य उद्देश्य है।
—
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: